करनाल- करनाल के घरौंडा में पंजाब नैशनल बैंक के कैश काउंटर से दो महिलाओं ने एक पूर्व कृषि अधिकारी के बैग से अस्सी हजार रूपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया । हैरानी की बात ये है कि पीछे खड़ी दो शातिर महिलाओं ने केवल 30 सैकिंड में ही घटना को अंजाम दे दिया और तुरंत फरार हो गई l चोर महिलाओं ने अधिकारी के बैग को काटकर नकदी गायब की । बैंक में हुई चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है जिससे दोनों महिलाओं की करतूत उजागर हुई । पुलिस और बैंक अधिकारियों ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है l
बैंक में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बैंक की कैश काउंटर पर खड़े पूर्व कृषि अधिकारी राजेंद्र सिंह के बैग से नोटो के तीन बंडल गायब हो गए । राजेंद्र सिंह ने बताया कि उसने अपने खाते से अस्सी हजार रुपए निकलवाए थे इसके बाद वह खिड़की पर अपने लॉकर का रेंट जमा करवाने के लिए खड़े हुए थे । इसी दौरान उसके पास खड़ी दो महिलाओं ने बेहद शातिर तरीके से बैग में कट लगाकर नोटो के तीनों बंडल निकाल लिए ।
इस घटना के तुरंत बाद मैनेजर ने बैंक की एंट्री को बंद किया लेकिन तब तक दोनों महिलाएं फरार हो चुकी थी । चोरी की सारी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है जिसमें दिखाई दे रहा है कि महिलाओं ने किस तरह कृषि अधिकारी के बैग से नकदी पर हाथ साफ किया l सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी की फुटेज देखी और फरार महिलाओं को ढूंढने के लिए तलाश शुरू कर दी है ।























