करनाल -आज मासूम जस के परिजन और गांव वाले सचिवालय के सामने पहुंचे और हत्यारों का खुलासा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसपी गंगाराम पूनिया को अपनी मांगपत्र देकर शाम तक हत्यारों का खुलासा करने की मांग की। ऐसा न होने पर चेतावनी दी कि वो शाम को आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। उन्होंने कहा, गांव के अंदर हत्या होने और परिवार-पड़ोस में ही हत्या करने वाले के मौजूद होने के बावजूद पुलिस ने 6 दिन का समय लगा दिया। जबकि इस मामले में बहुत जल्दी काम होना चाहिए था।
प्रदर्शन करने पहुंचे गांव वालों ने कहा जस की निर्मम हत्या की गई है l पुलिस को जल्दी ही उसके हत्यारों का खुलासा करना चाहिए और सही जांच करके असली आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। 5 दिनों से पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अभी तक इसका कोई खुलासा नहीं हुआ है। यदि जल्द ही इसका खुलासा नहीं किया तो आने वाले समय में समाज मिलकर इस विषय पर फैसला लेगा। आए दिन कोई न कोई बात बाहर आ रही है। पुलिस ने अभी तक कुछ भी जानकारी नहीं दी है। अभी तक ये भी नहीं बताया कि जस के साथ क्या हुआ, किसने किया। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही केस का खुलासा किया जायेगा l
डीएसपी मुकेश कुमार ने बताया कि जस के परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहुंचे है। पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। केस को जल्द ही ट्रेस किया जाएगा। जांच संबंधी कोई जानकारी नहीं दी जा सकती।
गौरतलब है इंद्री के गांव कमालपुर रोड़ान से 5 अप्रैल को 5 वर्षीय जस अपने घर से 5 रुपए लेकर चीज लेने निकला था उसके बाद वो संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था l बच्चे के गुम होने के बाद बच्चे की चोरी का शक किया जा रहा था लेकिन बच्चे की हत्या करके किसी ने उसके शव को सुबह के समय पड़ोस के दूध की डेरी के शैड के ऊपर फेंक दिया | जैसे ही पड़ौस की महिला को जो शैड के नीचे काम कर रही थी ,उसके गिरने की आवाज आई तो उन्होंने तुरंत ही छत पर जाकर देखा तो बच्चे का शव मिला l घटना की सूचना पुलिस को दी गई l पुलिस ने कल पूरा दिन रात गांव में सर्च अभियान चलाया हुआ था लेकिन किसी का पता नहीं चला था l
एसपी करनाल गंगाराम पूनिया सारे मामले पर खुद नजर बनाए हुए हैं और पुलिस काफी बारीकी से मामले की जांच में जुटी है।























