इंद्री -मनोहर लाल ने घर घर जाकर मोदी की गारंटी पर मांगें वोट

0
57

इंद्री -हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करते हुए वोट मांगें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 400 पार का नारा दिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीतना हमारी जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता अपने कर्तव्यों को निभाएं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल इंद्री के दीवान पैलेस में इंद्री विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेवारी आपको सौंपी जाए, उसे ईमानदारी और निष्ठा से निभाएं। आपस में किसी भी प्रकार से मतभेद और मनभेद न रखें। यह संकल्प लें कि मोदी सरकार तीसरी बार, अबकी बार 400 पार। जो भी जिम्मेदारी उन्हें मिले,उसे शत-प्रतिशत पूर्ण करना है। किसी काम को छोटा या बड़ा नहीं समझना । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, इसके लिए ही हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताएं. जनता को समझाएं कि कैसे भाजपा के शासन में हर वर्ग का भला हो सकता है।
इस अवसर पर सांसद संजय भाटिया ने कहा कि चुनाव के लिए भाजपा तैयार है। कांग्रेस में चुनाव न लड़ने को लेकर भगदड़ मची है। कांग्रेस हाईकमान उम्मीदवार तय नहीं कर पा रही, क्योंकि कांग्रेस नेता चुनाव लडऩे से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा सरकार की योजनाओं के बल पर ही नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
विधायक राम कुमार कश्यप ने मनोहर लाल के लोकसभा प्रत्याशी बनने के बाद प्रथम आगमन पर सभी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा प्रत्याशी मनोहर लाल को संत पुरुष और त्यागी बताते हुए कहा कि किस प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने 9 साल से अधिक समय के शासनकाल में जनहित में नई नई योजनाओं को लागू करते हुए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में जोड़ने का काम किया।
इस अवसर पर घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण, जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल,विस्तारक शशी दुरेजा, मंडल अध्यक्ष अमनदीप विर्क, अमित खेड़ा  अनिल दनियालपुर, जिला उपाध्यक्ष राजबीर शर्मा, प्रवीण लाठर, ईलम सिंह, मदन गुज्जर, सोहन सिंह राणा, शिवानी गोयल व उषा कटारिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।