करनाल – करनाल के गांव कुचपुरा में पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि भाई की जान चली गई। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे गंजा कराकर बाजार में घुमाया । इस दौरान आरोपी ने कैमरों के सामने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हुई है और कोई भी व्यक्ति गुस्से में ऐसा कदम न उठाए।
गिरफ्तार आरोपी ने मीडिया के सामने कहा कि उसने अपने बड़े भाई के साले जसविंद्र पर चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी का कहना था कि जसविंद्र और उसके साथ आए लोगों ने पहले उसके माता-पिता पर हमला किया था। उन्हें घायल होता देखकर वह अपना आपा खो बैठा और गुस्से में वार कर बैठा। अब उसे अपने किए पर गहरा पछतावा है। बहन की मदद के लिए गए भाई को मारने वाले आरोपियों पिता पुत्र को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है l लेकिन वारदात का मुख्य आरोपी मुनीश अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है है l
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार गांव रायसन निवासी अमृत लाल ने थाना निसिंग में शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी बहन मंजीत कौर उर्फ मंजू की शादी करीब एक वर्ष पहले गांव कुचपुरा निवासी मनीष के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति मनीष व उसके परिजनों द्वारा उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट की जाती थी। इस संबंध में पहले भी कई बार पंचायतें हो चुकी थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार 05 जुलाई 2026 की रात उसकी बहन ने फोन कर बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं तथा उसकी जान को खतरा है। इसके बाद शिकायतकर्ता अपने दोनों भाइयों के साथ बहन को लेने गांव कुचपुरा पहुंचा। आरोप है कि बस अड्डा कुचपुरा के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान जसविंद्र पर चाकू से वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले नागरिक अस्पताल निसिंग ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद करनाल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही जसविंद्र ने दम तोड़ दिया और सिविल अस्पताल करनाल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने पहले आरोपी सागर और उसके पिता ऋषिपाल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। रिमांड पूरा होने के बाद दोनों को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।























