करनाल- पेट्रोल पंप लूटकांड का आरोपी अस्पताल से फरार

0
21

करनाल  – करनाल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया शातिर बदमाश गुरमीत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है । आधी रात हुई इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी पर तरावड़ी पेट्रोल पंप पर फायरिंग के अलावा लूट के प्रयास समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। अस्पताल के कैदी वार्ड के बाहर चार पुलिस जवान तैनात थे लेकिन फिर भी आरोपी कैसे फरार हो गया l जानकारी के अनुसार पंजाब के खरड़ गांव निवासी गुरजीत सिंह उर्फ गुरमीत को सीआईए-1 की टीम ने चार दिन पहले मेरठ रोड स्थित आवर्धन नहर के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा था। मुठभेड़ में आरोपी की टांग पर गोली लगी थी, जिसके बाद उसे करनाल के सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती करवाया गया था।  इलाज पूरा होने के बाद उसे औपचारिक गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया जाना था। लेकिन बीती रात आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है । पुलिस अब आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज चैक की जा रही है l

सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी को 25 तारीख को गोली लगने के बाद भर्ती किया गया था और हड्डी रोग विशेषज्ञ उसका इलाज कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4 बजे डीएसपी राजीव कुमार का फोन आया, तब उन्हें आरोपी के फरार होने की जानकारी मिली। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सभी सीसीटीवी फुटेज सौंप दी हैं। पीएमओ ने साफ कहा कि आरोपी पूरी तरह पुलिस सुरक्षा में था और अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने कैदी वार्ड में भर्ती था।