कुल्लू – कुल्लू बना महिला सशक्तिकरण की एक मिसाल

0
174
फोटो-उपायुक्त ऋचा वर्मा, शालिनी अग्निहोत्री,रोहिणी चौधरी

रिपोर्ट-पूजा /कुल्लू- प्रदेश में कुल्लू जिला महिला सशक्तिकरण की एक मिसाल बन गया है। जिला कुल्लू के प्रमुख प्रशासनिक और पंचायती राज के पदों पर महिलाएं विराजमान हैं। जिससे जिला कुल्लू में बेटी बचाओ अभियान को बेमिसाल सफलता मिलती हुई नजर आ रही है। कुल्लू में अभी हाल ही में उपायुक्त के पद पर डॉक्टर ऋचा वर्मा ने पद सम्भाल लिया है। वहीं, एसपी शालिनी अग्निहोत्री भी लंबे समय से जिला में कानून व्यवस्था का जिम्मा संभाले हुए हैं। पंचायतीराज की बात करें तो यहां भी पहली बार एक महिला ने बखुबी मोर्चा संभाल रखा है। जिला पंचायतीराज प्रमुख के तौर पर रोहिणी चौधरी अपने कार्य को अंजाम दे रही हैं। इसके अलावा कुल्लू नगर परिषद में विमला महंत अध्यक्ष के पद पर, नगर परिषद मनाली में नीना ठाकुर के अध्यक्ष के पद पर काम कर रही हैं। जिला की पंचायत समितियों में भी महिलाओं का दबदबा है। नग्गर पंचायत समिति में अनीता ठाकुर अध्यक्ष के पद पर, आनी पंचायत समिति में अंजना भारती और निरमंड पंचायत समिति में अध्यक्ष के पद पर बिंदु बौद्ध महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दे रही हैं। इसके अलावा
बीडीओ कुल्लू,आनी और नग्गर के पद पर भी महिलाएं ही काबिज हैं। जिला भाषा अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी और प्राथमिक शिक्षा उप निदेशक का काम महिलाएं ही देख रही है। सभी महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के
कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाती जा रही हैं। इसके अलावा कुल्लू की महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी धाक जमाई है। कुल्लू से स्कीइंग के क्षेत्र में नाम कमा चुकी आंचल ठाकुर, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर के पद पर प्रतिभा जंबाल, सबसे कम उम्र में एवरेस्ट की चढ़ाई चढऩे वाली डिकी डोलमा सहित दर्जनों ऐसी महिलाएं हैं जो जिला कुल्लू से संबंध रखती हैं। उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विश्व पटल पर कुल्लू का नाम ऊंचा किया है। कुशल कार्यप्रणाली के दम पर सभी महिलाएं समाज के लिए आदर्श बनकर उभरी है।