कुल्लू -कुल्लू में दो महिलाओं की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव,अस्पताल का गायनी वार्ड 48 घंटों के लिये बंद

0
164

रिपोर्ट -पूजा /कुल्लू -जिला मुख्यालय पर दो महिलाओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिनमें एक नव प्रसूता महिला लगवैली की बताई जा रही है तो दूसरी महिला अखाड़ा बाजार की है। इस संबंध में जानकारी देते हुये कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना लाल ने बताया कि नव प्रसूता महिला 31 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुई थी। और 2 अगस्त को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। जिसकी शुक्रवार रात को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

उन्होंने बताया अस्पताल के गायनी वार्ड व प्रसव कक्ष को 48 घंटों के लिये बंद कर दिया है। बताया कि फिलहाल प्रसव की व्यवस्था भुंतर के साथ लगते तेगुबेहड़ अस्पताल में की गई है। उन्होंने बताया कि गायनी वार्ड के साथ ही प्रसव कक्ष को सेनिटाइज करवाया जा रहा है। नीनालाल ने बताया कि गायनी वार्ड में करीब 30 से अधिक महिलाएं उपचाराधीन थी इसमें ज्यादातर महिलाओं का कोरोना टेस्ट करवाया जा चुका है और रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। अन्य महिलाओं के सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अलावा गायनी वार्ड में सेवाएं दे रहे चिकित्सक और नर्स की कोरोना जांच कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि यह दूसरा मौका है जब कुल्लू अस्पताल के गायनी वार्ड में भर्ती महिला के पॉजिटिव आने के बाद गायनी वार्ड व प्रसव कक्ष को बंद किया गया है। ऐसे में लोग अस्पताल आने से कतराने लगे हैं। इसके अलावा जिला मुख्यालय पर अखाड़ा बाजार की एक महिला के पॉजिटिव आने के बाद बाजार का कुछ हिस्सा कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।