रिपोर्ट -मैनपाल कश्यप /इंद्री -इंद्री के रामलीला ग्राउंड में शनिवार को महर्षि कश्यप जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन-यज्ञ से हुई, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समारोह में कश्यप समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज की एकता एवं संगठन शक्ति का परिचय दिया। इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की कार्यक्रम में विधायक रामकुमार कश्यप ,ऑल इंडिया कश्यप राजपूत (पं) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप भारद्वाज, कश्यप समाज के वरिष्ठ नेता रामकुमार कश्यप सीनियर अधिवक्ता, सीनियर उपप्रधान बलजिंद्र सिंह कश्यप तथा अधिवक्ता कर्मबीर कश्यप के पहुंचने पर आयोजकों एवं समाज के लोगों ने फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर ऑल इंडिया कश्यप राजपूत (पं) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप भारद्वाज, कश्यप ने समाज को महर्षि कश्यप जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सबसे पहले वे उन बुजुर्गों को नमन करते हैं, जिनकी प्रेरणा और आशीर्वाद से कश्यप समाज को धार्मिक और सामाजिक मंचों पर सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं घर के कार्यों के साथ-साथ समाज के सम्मान को बढ़ाने में भी कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने युवाओं को समाज का भविष्य बताते हुए कहा कि कश्यप समाज की नई पीढ़ी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। युवाओं के जोश और समाज के प्रति समर्पण से आने वाले समय में समाज और अधिक मजबूत होगा। अनूप भारद्वाज ने कहा कि इंद्री विधानसभा क्षेत्र केवल करनाल जिले ही नहीं बल्कि आसपास के प्रदेशों में भी कश्यप समाज की पहचान के रूप में जाना जाता है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर सभी यह संकल्प लें कि इंद्री विधानसभा को कश्यप समाज की राजनीतिक पहचान के रूप में और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब महर्षि कश्यप जयंती केवल एक कार्यक्रम नहीं रह गई, बल्कि यह जन्मोत्सव का रूप ले चुकी है। समाज के लोग एक महीने पहले से ही तैयारियों में जुट जाते हैं और पूरे उत्साह के साथ आयोजन करते हैं। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्य पंजाब में भी महर्षि कश्यप जन्मोत्सव बड़े स्तर पर मनाया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी शिरकत की थी। साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से 31 मई को लुधियाना में आयोजित होने वाले विशाल महर्षि कश्यप जन्मोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। समारोह के दौरान समाज के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला तथा पूरे वातावरण में “जय महर्षि कश्यप” के जयकारे गूंजते रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश कश्यप ,सरदा राम कश्यप ,डॉ दीपक कश्यप रामपाल कश्यप कैथल ,चाँद कश्यप ,डीएसपी कर्ता राम कश्यप ,नाथी राम कश्यप ,रामदिया , नफे सिंह आदि काफी संख्या में कश्यप समाज के लोग मौजूद रहे।


























