इंद्री -बाढ़ ग्रस्त इलाकों में जरूरतमंद लोगों की हर मदद की जा रही है :एसडीएम

0
88

इंद्री -एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि भारी बरसात एवं यमुना नदी के किनारे टूटने की वजह से उपमंडल इंद्री के आसपास के गांव में पानी भर गया है। ऐसे जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए प्रशासन द्वारा खाने पीने की चीजों के अलावा आवश्यक वस्तुएं बाढ़ ग्रस्त इलाकों में लोगों के बीच वितरित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से बाढ़ ग्रस्त इलाकों के लोगों की हर प्रकार से सहायता की जा रही है। एसडीएम अशोक कुमार ने लोगों का आह्वान किया कि वे इस मुश्किल की घड़ी में घबराएं नहीं बल्कि धैर्य से काम लें। प्रशासन लोगों की सहायता के लिए हर संभव सहायता करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी, स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की कठिनाई हो तो वह प्रशासन से तुरंत संपर्क करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
एसडीएम ने उपमंडल स्तर पर बाढ़ से संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना नदी के साथ लगते गांव के लोगों से संपर्क बनाए रखें, ताकि बाढ़ इत्यादि से निपटने के लिए बाढ़ ग्रस्त गांव में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। प्रशासन के संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बाढ़ इत्यादि के समय लोगों की मदद के लिए तैयार है।